
ब्रेकिंग: सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में 27 हाथियों का दल पांच भागों में बंटा, ग्रामीण इलाकों में दहशत
सरगुजा जिले के उदयपुर कर्मकट्टरा आसपास के जंगलों में 27 हाथियों का दल पांच अलग-अलग समूहों में विभक्त हो गया है। ये हाथी अल्कापुरी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मानपुर, जजगी, फूनगी समेत कई गांवों में एक साथ निकल रहे हैं।
वन विभाग की टीमें निरंतर निगरानी कर रही हैं, लेकिन एक साथ कई जगहों पर हाथियों के निकलने से स्टाफ की कमी महसूस की जा रही है। वन परिक्षेत्र उदयपुर में शाम होते ही चारों तरफ हाहाकार मच जाता है। सुबह 7 बजे से ही मतरिंगा रोड से जुड़े मार्गों—जजगी चौक, उपका, मानपुर-फूनगी, लक्ष्मणगढ़ और महेशपुर के चौराहों—पर वन विभाग ने बैरिकेडिंग लगाकर निगरानी बढ़ा दी है।

एक शावक की मौत के बाद शेष 26 हाथियों का दल और आक्रामक हो गया है। वन विभाग की टीमें 24 घंटे ग्रामीणों को सतर्क कर रही हैं, फिर भी रोज कहीं-न-कहीं हादसे हो रहे हैं। हाथियों के विचरण से पूरा इलाका थर्रा उठा है। वन अधिकारियों और स्थानीय लोगों के अनुसार इसका मुख्य कारण जंगलों में अवैध कब्जा, रकबे में कमी और हाथियों के पारंपरिक रास्तों का बंद होना है।












