
सरगुजा ब्रेकिंग: हाथियों के हमले में 65 वर्षीय बुजुर्ग घायल, पसली टूटी उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे महेशपुर के मुंगरी तालाब के पास की बताई जा रही है। हमले में 65 वर्षीय मोहन कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मोहन कुजूर सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान मुंगरी तालाब के पास उनका सामना हाथियों से हो गया। हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी पसली टूट गई और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में बुजुर्ग किसी तरह खुद पैदल चलते हुए घर के पास पहुंचे। इसके बाद सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें वाहन से सीएचसी उदयपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 26 हाथियों का झुंड मौजूद है, जिसके चलते आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।












