
गांधी जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना एवं स्वच्छता अभियान आयोजित
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सलका, 02 अक्टूबर 2026। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका, विकासखंड भैयाथान, जिला सूरजपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी एवं सेवा के विचारों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के प्रिय भजन की प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा गांधीजी के जीवन एवं उनके विचारों पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। NSS स्वयंसेवकों, स्काउट-गाइड एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थियों ने मिलकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज एवं स्वस्थ जीवन के महत्व को समझते हुए स्वच्छता को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्काउट-गाइड की ओर से सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन विशेष आकर्षण रहा। सर्वधर्म प्रार्थना के माध्यम से विद्यार्थियों को सभी धर्मों के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारा, प्रेम, सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, प्रधान पाठक श्री राजेश्वर प्रसाद गुप्ता, NSS, स्काउट-गाइड एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थी तथा विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्री सुनील चक्रधारी, NSS कार्यक्रम अधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यार्थियों हिमांशु राजवाड़े,अन्नू यादव,प्रीत कुमार राजकुमार एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।













