
पुण्यस्मृति में सेवा का संकल्प, प्रतापपुर में उमड़ा जनसैलाब
करीब 1000 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार व दवा वितरण, 150 जरूरतमंद वृद्धजनों को कंबल, स्मृति में लगाए पांच फलदार पौधे
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सूरजपुर प्रतापपुर:– स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह की पुण्यस्मृति में प्रतापपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सेवा, संवेदना और जनकल्याण को समर्पित इस शिविर में क्षेत्र सहित दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। करीब 1000 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं 150 जरूरतमंद वृद्धजनों को कंबल वितरित कर सेवा और मानवीय संवेदना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने उनके सेवा भाव, सरल व्यक्तित्व और समाजहित में किए गए कार्यों को स्मरण किया।
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 13 चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. आर.एस. सिंह, डॉ. आनंद मोहन त्रिपाठी, डॉ. आदित्य राजवाड़े, डॉ. प्रसन्न त्रिपाठी, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. प्रदीप पैकरा, डॉ. नरेश राजवाड़े, डॉ. संतोष सिंह, डॉ. महंत लाल सोनवानी, डॉ. कुलदीप द्विवेदी, डॉ. प्रभात उपाध्याय, डॉ. स्वाति पटेल एवं डॉ. रितु नेताम ने मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। फार्मासिस्ट देवेंद्र, सिद्धार्थ, जयराम, अवधलाल एवं एलपी दीपांकर सहित सहयोगी दल ने भी शिविर की व्यवस्थाओं को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में ग्रामीण और नगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।
पुण्यस्मृति के अवसर पर 150 जरूरतमंद वृद्धजनों को कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह की स्मृति में पांच फलदार पौधे लगाए गए। आयोजन के दौरान दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शिविर में सेवा दे रहे सहयोगियों के लिए प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण भी किया गया।
शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों एवं सहयोगियों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने चिकित्सकों के सेवाभाव, सहयोगियों की मेहनत तथा क्षेत्रवासियों की सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजक प्रतिमा सिंह, जिला प्रमुख आरोग्य भारती एवं समाजसेविका ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह की पुण्यस्मृति को सेवा और जनकल्याण से जोड़ना ही आयोजन का मुख्य उद्देश्य था। अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया गया। चिकित्सकों की निःस्वार्थ सेवा, सहयोगियों की मेहनत और क्षेत्रवासियों की सहभागिता से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।













