मैनपाट में मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन, शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर हुआ मंथन

विधायक टोप्पो बोले- विकास केवल सड़क-पुल तक सीमित नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान भी जरूरी

(रुपेश गुप्ता)—सीतापुर/मैनपाट। ग्राम पंचायत केसरा में सोमवार को मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में समाज की शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता, संगठन और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि मांझी समाज लंबे समय से विभिन्न सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करता रहा है। शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में समाज को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सम्मेलन को समाज को संगठित करने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

शिक्षा को बताया विकास का आधार
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि मांझी समाज आज शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मैनपाट क्षेत्र की बेटियों का NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करना समाज में बढ़ती शैक्षणिक जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण है। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विकास का मतलब सर्वांगीण उत्थान
विधायक टोप्पो ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। समाज का सर्वांगीण विकास और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का सामाजिक उत्थान भी विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षा, जागरूकता और विकास के अवसरों से जुड़कर आगे बढ़े।
सम्मेलन के दौरान समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार और व्यवसाय से जोड़ने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने तथा नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज