
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, जीजा ने घटना स्थल पर दम तोड़ा साले का उपचार जारी
रुपेश गुप्ता सीतापुर के रजौटी मेन रोड की घटना, एक युवक घायल; अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज
सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजौटी मेन रोड पर कल शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला बुरी तरह घायल हो गया। हादसा अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से हुआ। पुलिस ने मामले में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 26 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे ग्राम धरमपुर निवासी आनंद कुमार को गांव के सुनील एक्का ने फोन कर रजौटी मेन रोड पर दुर्घटना होने की सूचना दी। बताया गया कि धरमपुर निवासी सुनील बरगाह अपने बहनोई अर्जुन यादव के साथ सीटी-100 बाइक से धरमपुर से सीतापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रजौटी के पास अज्ञात पिकअप चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सुनील बरगाह और अर्जुन यादव सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अर्जुन यादव के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुनील बरगाह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर परिजन सीतापुर अस्पताल पहुंचे, जहां अर्जुन यादव को मृत पाया गया। घायल सुनील बरगाह का अस्पताल में इलाज जारी है।
मामले में सीतापुर पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश कर रही है।












