एक दिन में ही पलटा शिक्षा विभाग का आदेश, अतिरिक्त प्रभार निरस्त

एक दिन में ही पलटा शिक्षा विभाग का आदेश, अतिरिक्त प्रभार निरस्त
24 घंटे के भीतर आदेश बदलने से उठे सवाल, राजनीतिक दबाव की चर्चा; विभाग ने तत्काल प्रभाव से किया निरस्त
रूपेस गुप्ता—सीतापुर। शिक्षा विभाग के एक आदेश को जारी होने के महज एक दिन बाद ही निरस्त कर दिए जाने का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर कार्यालय से 24 सितंबर को जारी आदेश में सीतापुर के संकुल आदर्श नगर के सीएसी सुशील मिश्रा को उनके मूल कार्य के साथ सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सीतापुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
इसके अगले ही दिन यानी 25 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने नया आदेश जारी कर पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। आदेश में निरस्तीकरण का कोई विस्तृत कारण नहीं बताया गया है।
जारी दस्तावेज के अनुसार, 24 सितंबर के कार्यालयीन आदेश क्रमांक 17052/स्टेनो/2026 के तहत सुशील मिश्रा को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। 25 सितंबर को जारी आदेश में इसी आदेश को निरस्त करने की जानकारी दी गई है।
एक दिन में बदलाव से उठे सवाल
अतिरिक्त प्रभार दिए जाने और फिर महज एक दिन में आदेश वापस लिए जाने को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस निर्णय को लेकर राजनीतिक दबाव की चर्चा भी है, हालांकि राजनीतिक दबाव के कारण आदेश निरस्त किया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि आदेश में नहीं की गई है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि 24 घंटे के भीतर ऐसा क्या बदल गया कि विभाग को अपना ही आदेश वापस लेना पड़ा? यदि आदेश नियमों के अनुरूप था तो उसे इतनी जल्दी निरस्त करने की जरूरत क्यों पड़ी और यदि इसमें कोई प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटि थी तो उसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?
दस्तावेज में निरस्तीकरण का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में पूरे मामले में विभाग की ओर से स्पष्टीकरण का इंतजार है।

Picture of Shaif firdousi

Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज