
लुण्ड्रा में ‘एक्शन मोड’ में पुलिस:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना प्रभारी अशफाक ने तोड़ी अपराधियों की कमर,गांजा-मवेशी तस्करों के बाद अब पंप चोरों पर कसा शिकंजा
लुण्ड्रा पुलिस के ताबड़तोड़ एक्शन से अपराधियों में हड़कंप। 138 किलो गांजा और मवेशी तस्करों को जेल भेजने के बाद, अब किसानों के पम्प चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़। राहत की सांस लेते हुए सैकड़ों किसानों ने थाने पहुंचकर SP सरगुजा सहित थाना प्रभारी का जताया आभार,!
SHAIF FIRDOUSI SNT NEWS लुण्ड्रा सरगुजा-सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों और तस्करों में दहशत का माहौल है। जब से थाना प्रभारी अशफाक ने लुण्ड्रा थाने की कमान संभाली है, तब से इलाके में अनैतिक गतिविधियों और अपराधों पर जैसे ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ शुरू हो गई है। लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय चोरों, मवेशी तस्करों और नशा माफियाओं की कमर तोड़ते हुए लुण्ड्रा पुलिस ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है।

हाल ही में किसानों के लिए सिरदर्द बन चुके ‘मोटर पंप चोर गिरोह’ का पर्दाफाश कर थाना प्रभारी अशफाक ने क्षेत्रवासियों के दिलों में पुलिसिंग के प्रति न्याय और सुरक्षा की एक नई उम्मीद जगा दी है।
पंप चोर सत्यनारायण गिरफ्तार, किसानों ने थाने पहुंच किया धन्यवाद
विगत कई दिनों से लुण्ड्रा थाना अंतर्गत विभिन्न गांवों के गरीब किसानों के खेतों से मोटर पंप और सबमर्सिबल चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अशफाक ने अपनी टीम के साथ जाल बिछाया और इलाके के शातिर चोर सत्यनारायण चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कई मोटर पंप, सबमर्सिबल और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
इस शानदार खुलासे से उत्साहित होकर गुरुवार को बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान लुण्ड्रा थाने पहुंचे। लेकिन इस बार उनके हाथों में शिकायत नहीं, बल्कि थाना प्रभारी के लिए धन्यवाद का ज्ञापन था। किसानों ने थाना प्रभारी अशफाक की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की और उन्हें गरीब किसानों का ‘मसीहा’ बताया।
किसानों ने जताया अंदेशा: मैकेनिक भाई और चाचा भी हो सकते हैं शामिल

थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए मामले की जड़ तक जाने की मांग की है। किसानों ने अंदेशा जताया है कि सत्यनारायण इतने बड़े चोरी के नेटवर्क को अकेले नहीं चला सकता। ग्रामीणों ने गुप्त सूत्रों के हवाले से बताया कि इस कृत्य मे अन्य लोगों की शामिल होने की आशंका है । किसानों ने पुलिस से ज्ञापन में नाम दिया हुए संदेहियों की भी गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का विनम्र निवेदन किया है, ताकि क्षेत्र से चोरी के इस घिनौने अपराध का पूरी तरह से सफाया हो सके।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में थाना प्रभारी अशफाक के ‘सुशासन’ की प्रमुख कार्रवाइयां:-लुण्ड्रा पुलिस की यह कोई पहली बड़ी सफलता नहीं है। थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण करने के बाद से ही अशफाक के नेतृत्व में पुलिस ने अपराधियों की नींद हराम कर रखी है:
गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार: हाल ही में एक लग्जरी स्कॉर्पियो-N गाड़ी (Scorpio-N) से करीब 1 क्विंटल 38 किलो गांजा बरामद कर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करों को बड़ा झटका दिया था।

मवेशी तस्करों को भेजा जेल: गोवंश की तस्करी करने वाले गिरोह पर नकेल कसते हुए पुलिस ने कुख्यात तस्कर राहुल और राजकुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
चोरों में खौफ: छोटी-मोटी चोरियों से लेकर बड़े चोर गिरोहों को पकड़ने का सिलसिला लगातार जारी है।
लौटा पुलिस पर विश्वास
लंबे समय बाद लुण्ड्रा क्षेत्र की जनता बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कर रही है। थाना प्रभारी अशफाक की इस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से जहां एक ओर अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता और किसानों में सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है। किसानों का कहना है कि पुलिस के इस कड़े प्रहार से क्षेत्र में शांति लौट रही है और वे हर कदम पर लुण्ड्रा पुलिस का सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।













