उदयपुर में सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील, जांच में मिली कई गंभीर अनियमितताएं

उदयपुर में सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील, जांच में मिली कई गंभीर अनियमितताएं

कलेक्टर से मिली शिकायत के बाद जांच टीम ने उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम में पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान बड़ी संख्या में सिलेंडरों के स्टॉक और वजन में गड़बड़ी सामने आने की बात कही जा रही है।

जांच के दौरान 214 खाली सिलेंडरों के बीच 42 भरे हुए सिलेंडर मिले। जांच टीम के अनुसार इन 42 भरे सिलेंडरों में सभी के सील टूटे हुए पाए गए। इसके बाद सिलेंडरों के वजन की जांच की गई, जिसमें 11 सिलेंडरों में करीब 5 से 10 किलो तक गैस कम मिलने की जानकारी सामने आई है।



जांच के दौरान स्टॉक में गड़बड़ी भी सामने आने की बात कही गई है। वहीं एजेंसी के गोदाम से इंडेन कंपनी के 32 खाली सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं। जांच टीम ने मौके से सिलेंडर के ढक्कन, रेपर समेत अन्य सामग्री जब्त कर पंचनामा तैयार किया है।

मामले में उपभोक्ताओं की शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं। शिकायतकर्ताओं ने एजेंसी से जुड़े लोगों पर दुर्व्यवहार करने, अतिरिक्त राशि वसूलने, ब्लैक में सिलेंडर बेचने और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराने जैसे आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं के बयान भी जांच टीम द्वारा दर्ज किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जांच टीम द्वारा एजेंसी संचालक से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। स्टॉक, सिलेंडरों की संख्या, वजन, सील और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।

पूरे मामले में जांच पूरी होने के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील कर दिया गया है और जांच जारी है। अब जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सामने आई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है और संबंधित एजेंसी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Picture of Shaif firdousi

Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज