
जशपुर जिला पंचायत की बैठक में हंगामा! आशिका कुजूर ने किया वॉकआउट, बोलीं- “शादी, वजन और बैग पर चर्चा होती है, क्षेत्र की समस्याओं पर नहीं”
जशपुर। जिला पंचायत की बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य आशिका कुजूर के वॉकआउट करने का मामला सामने आया है। आशिका कुजूर का आरोप है कि बैठक में उनके व्यक्तिगत विषयों—वजन, शादी और बैग—को लेकर चर्चा की जाती है, लेकिन क्षेत्र की समस्याओं को उठाने के लिए उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया जाता।
आशिका कुजूर के मुताबिक, बैठक में अन्य सदस्यों के बोलने के बाद उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को रखने के लिए समय मांगा था। उनका कहना है कि उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया, जिसके बाद उन्होंने बैठक से बाहर जाने का फैसला लिया और बारिश के बीच बाहर बैठी रहीं।

“मेरा वजन, मेरी शादी, मेरा बैग… इन पर चर्चा होती है”
मीडिया से बातचीत में आशिका कुजूर ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत की बैठकों में उनके वजन, शादी कब होगी और बैग को लेकर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखने की कोशिश करती हैं तो समय नहीं दिया जाता।
उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के बोलने के बाद उन्होंने करीब पांच मिनट का समय मांगा था, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को बैठक में रख सकें, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बैठक का बहिष्कार करते हुए बाहर बैठने का निर्णय लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक राम ने क्या कहा?
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक राम के मुताबिक, आशिका कुजूर जब बोल रही थीं, उसी समय उनसे कहा गया कि यदि वह अलग से बोल रही हैं तो अन्य सदस्यों को भी बोलने का समय दिया जाएगा।
अध्यक्ष के अनुसार, आशिका को वापस बैठक में आने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन वह वापस नहीं आईं। अध्यक्ष ने यह भी कहा कि बैठक के दौरान एक अन्य महिला सदस्य की बात के बाद आशिका बाहर चली गई थीं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल रही हैं आशिका
आशिका कुजूर की राजनीतिक पहचान का एक पक्ष यह भी है कि वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शुरुआत से अंत तक शामिल रही थीं। जशपुर से उनके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ से एक अन्य युवा महिला नेत्री भी यात्रा में शामिल हुई थीं।
SNT NEWS के लिए:
यह पूरा मामला आशिका कुजूर के आरोप और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक राम के बयान पर आधारित है। बैठक में वास्तव में क्या हुआ, इसका पूरा पक्ष संबंधित जिला पंचायत से आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने के बाद और स्पष्ट हो सकेगा।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !











