
महायात्रा 360 के कांवरियों का सीतापुर में भव्य स्वागत, गूंजा हर-हर महादेव 360 महायात्रा
रूपेश गुप्ता वाराणसी – के प्रसिद्ध अस्सी घाट से पवित्र गंगाजल लेकर चोरकी पानी धाम की ओर निकली 360 महायात्रा के कांवरियों की टोली 11 दिनों की कठिन पदयात्रा पूरी कर रविवार को सीतापुर पहुंची। कांवरियों के सीतापुर पहुंचते ही पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने हजारों की संख्या में उपस्थित होकर कांवरियों का भव्य स्वागत किया और हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।
बताया गया कि महायात्रा 360 का यह लगातार पांचवां वर्ष है। वाराणसी के अस्सी घाट से चोरकी पानी धाम तक करीब 419 किलोमीटर की यह पदयात्रा बारिश, धूप और गर्मी के बीच श्रद्धा एवं आस्था के साथ जारी है। इस वर्ष कांवरियों और सेवा दल को मिलाकर करीब 150 सदस्य यात्रा में शामिल हैं।
सीतापुर नगर में कांवरियों के स्वागत के लिए जगह-जगह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वागत कार्यक्रमों की कड़ी में ग्राम बमलाया में MLAएजुकेशन सेंटर के सदस्यों द्वारा कांवरियों का स्वागत किया गया। वहीं सीतापुर भाजपा मंडल द्वारा सोनतराई चौक से सीतापुर नगर तक ढोल-नगाड़ों और नृत्य दल के साथ कांवरियों का भव्य अभिनंदन किया गया।

इसके बाद सीतापुर अग्रसेन भवन में सहयोग फाउंडेशन की ओर से कांवरियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं चोरकी पानी मंदिर धाम समिति के सदस्यों द्वारा कांवरियों को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। अलग-अलग स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों के चलते पूरे सीतापुर नगर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विधायक रामकुमार टोप्पो भी कर रहे 419 किमी की पदयात्रा
इस महायात्रा में सीतापुर विधानसभा के विधायक रामकुमार टोप्पो भी कांवरियों के साथ करीब 419 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर सोमवार, 24 अगस्त, को चोरकी पानी धाम पहुंचकर वे स्वयंभू शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।
कांवरियों के आगमन और जलाभिषेक कार्यक्रम को लेकर चोरकी पानी धाम मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ठहरने, भोजन, जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वहीं कांवरियों की सुरक्षा को देखते हुए अंबिकापुर से चोरकी पानी धाम तक पुलिस विभाग की तैनाती भी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति के साथ अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं।
24 अगस्त को चोरकी पानी धाम में होने वाले जलाभिषेक के साथ 360 महायात्रा का धार्मिक समापन होगा।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416











