
कसकेला पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों से मचा हड़कंप, पंचों ने कलेक्टर से की शिकायत, 5 दिन में कार्रवाई नहीं तो सामूहिक इस्तीफा
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता सलका अघिनाकसकेला:--जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत कसकेला में शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग और पंचायत के कामकाज में अनियमितता को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम पंचायत के पंचों और ग्रामीणों ने वर्तमान सरपंच जयादेवी सिंह एवं पंचायत सचिव सिया राम यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए 20 अगस्त को सूरजपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पंचों का आरोप है कि वर्तमान सरपंच के पदभार ग्रहण करने के बाद करीब डेढ़ वर्ष से ग्रामसभा और पंचों की बैठक नहीं बुलाई गई। इसके बावजूद पंचायत की विभिन्न मदों से राशि खर्च किए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि बिना प्रस्ताव और कथित तौर पर बिना जमीनी कार्य कराए पंचायत की मूलभूत राशि तथा 15वें वित्त आयोग की राशि का आहरण किया गया।
पंचों ने पूर्व सरपंच द्वारा प्रभार में छोड़ी गई 1 लाख 88 हजार रुपये की राशि को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि फर्जी बिल-वाउचर के माध्यम से राशि का आहरण किया गया। शिकायतकर्ताओं ने पंचायत के सभी भुगतान, बिल-वाउचर, प्रस्ताव और कराए गए विकास कार्यों की दस्तावेजी एवं भौतिक जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर करीब डेढ़ वर्ष से पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खोलने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत से जुड़े कामकाज कथित तौर पर सचिव के घर से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे आम ग्रामीणों को अपने आवश्यक पंचायत कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत में सचिव के गृह ग्राम कसकेला में पदस्थ होने पर भी सवाल उठाते हुए उनके पदस्थापन की जांच और तत्काल स्थानांतरण की मांग की गई है।
मामले को लेकर पंचों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी भी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 05 कार्य दिवस के भीतर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम पंचायत कसकेला के समस्त पंच एकजुट होकर जिला प्रशासन को अपना सामूहिक इस्तीफा सौंप देंगे। पंचों ने इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
शिकायत पत्र पर उपसरपंच गया प्रसाद यादव सहित सुशीला, शांति, राकेश, पारस राजवाड़े समेत दर्जनों पंचों और ग्रामीणों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। अब मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में पहुंचने के बाद कसकेला पंचायत में लगाए गए वित्तीय अनियमितता और पंचायत संचालन से जुड़े आरोपों की जांच तथा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हुई हैं।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416











