

वाड्रफनगर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कत्थे से लदा ट्रक जब्त
बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध कत्थे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कत्थे से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि ट्रक के जरिए अवैध कत्थे को वाड्रफनगर से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें लदे कत्थे की जांच शुरू कर दी है।
मामले में वन विभाग द्वारा अवैध कत्थे के स्रोत और इसकी तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान बड़े तस्कर गिरोह से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल वन विभाग की कार्रवाई और जांच जारी है।













