
नगर पंचायत सीतापुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
रुपेश गुप्ता सीतापुर, सरगुजा -नगर पंचायत सीतापुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ओमप्रकाश तिवारी के सुस्त एवं उदासीन कार्यशैली तथा नगर पंचायत परिषद के नियमों एवं प्रावधानों की लगातार अनदेखी किए जाने को लेकर दोनों दल भाजपा व कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्षद गण विरोध में नगर पंचायत परिषद द्वारा उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है।
परिषद के अध्यक्ष एवं पार्षदों का आरोप है कि सीएमओ द्वारा लंबे समय लगभग 09 माह तक परिषद की बैठक आयोजित नहीं की गई, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए तथा जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय लंबित रहे। परिषद सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत अधिनियम एवं परिषद के अधिकारों की उपेक्षा करते हुए कार्य किया जा रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों में असंतोष व्याप्त है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर आज नगर पंचायत अध्यक्ष एवं समस्त पार्षदगणों ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में पदस्थ सीएमओ श्री ओमप्रकाश तिवारी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए तथा नगर पंचायत सीतापुर के प्रशासनिक एवं विकास कार्यों के सुचारु संचालन हेतु किसी अन्य सक्षम अधिकारी को प्रभार सौंपने की कृपा की जाए।
परिषद सदस्यों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है, जिससे विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है और जनहित के कार्य बाधित हो रहे हैं। परिषद ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक निर्णय लेने की मांग की है।
परिषद सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जनहित एवं नगर पंचायत के विकास को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगा, जवाबदेही सुनिश्चित करेगा तथा नगर पंचायत प्रशासन में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान करेगा।













