
दिनदहाड़े ₹1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग पार, ज्वैलरी कारोबारी उठाईगिरी का शिकार
अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने ज्वैलरी दुकान संचालक के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैग में करीब ₹1 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण थे।
जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास जेवरात से भरा बैग रखा था। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात बदमाश बैग लेकर फरार हो गया।

घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
घटना सीतापुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) से लगे हाई स्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स में हुई। दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के जेवरात की उठाईगिरी की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।



Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












