Skip to main content

Surguja News Today

लुण्ड्रा दौरे पर सख्त दिखे कलेक्टर, स्कूल-स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा BEO को कारण बताओ नोटिस जारी !

कलेक्टर अजीत वसंत ने लुण्ड्रा विकासखण्ड का किया दौरा

स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्र, आश्रम-छात्रावास, विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश  माध्यमिक शाला असकला में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर बीईओ को नोटिस जारी करने दिए निर्देश
SHAIF FIRDOUSI- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल के साथ लुण्ड्रा विकासखण्ड का दौरा किया। उन्होंने यहां विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम छात्रावास, विद्यालयों सहित निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने  ग्राम पंचायत असकला से दोरना पंचायत के मध्य लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पुल का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत जराकेला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत सड़क का भी निरीक्षण किया गया।

विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था-
इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था का अवलोकन किया। ग्राम पंचायत असकला स्थित माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की दर्ज संख्या 42 के विरुद्ध केवल 22 विद्यार्थियों की उपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने कम उपस्थिति के संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। इसके बाद प्राथमिक शाला असकला का निरीक्षण किया गया, जहां 34 में से 33 विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन में हरी सब्जियां एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों में मध्यान्ह भोजन लकड़ी के चूल्हे पर बनाए जाने की जानकारी मिलने पर गैस चूल्हे का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई स्कूल असकला में कलेक्टर ने प्राचार्य को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय गेरसा में विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिन विद्यालयों में एक शिक्षक है वहां तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।

स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर चिकित्सकीय सुविधाओं का लिया जायजा-
कलेक्टर श्री वसंत दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने उप स्वास्थ्य केन्द्र असकला, उप स्वास्थ्य केंद्र गेरसा एवं स्वास्थ्य केन्द्र बरगीडीह पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों एवं चिकित्सकीय उपकरणों के बारे में जानकारी ली गई। उन्होंने सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में फ्लेक्स, बैनर, पेंटिंग आदि लगवाने कहा। उन्होंने रात्रि में चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बरगीडीह में 102 एम्बुलेंस की स्टेट मैपींग हेतु बीएमओ को निर्देशित किया गया।

आंगनबाड़ी, आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने आंगनबाड़ी केन्द्र असकला का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की संख्या व बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किचन का निरीक्षण कर बीईओ को किचन प्लेटफॉर्म बनवाने एवं पाईप लाइन कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ एवं सीडीपीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी के पश्चात सभी बच्चों का प्रवेश स्कूल में हो, इसके लिए अभिभावकों को प्रेरित करें तथा स्वयं मॉनिटरिंग करें। आदिवासी बालक आश्रम गेरसा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शयन कक्ष, भोजन कक्ष, शौचालयों, भवन एवं परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने शौचालयों की मरम्मत कराने के लिए अधीक्षक एवं मंडल संयोजक को निर्देशित किया तथा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आश्रम परिसर में अधूरे सामुदायिक शौचालय का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के लिए सरपंच, सचिव एवं जनपद पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज