Surguja News Today

ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं से निखरेगा विद्यार्थियों का कौशल, 27 अप्रैल से होगा विकासखंड स्तरीय आयोजन

ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं से निखरेगा विद्यार्थियों का कौशल, 27 अप्रैल से होगा विकासखंड स्तरीय आयोजन

एमसीबी/21 अप्रैल 2026/ जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर अंतर्गत संचालित शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के ज्ञान, रचनात्मकता एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने हेतु ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।  Language – Numeracy Skill Based Summer Competition 2026 के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
यह प्रतियोगिता जिले के सभी संकुलों के विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ प्रत्येक विकासखंड में 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 04 मई 2026 को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर (कक्षा 3 से 5) एवं माध्यमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। इसमें चित्र देखकर कहानी लेखन, प्रश्नोत्तरी, डिक्शनरी खोजो, शब्दों से वाक्य निर्माण, सुडोकू, मापन तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी कुल 7 विधाओं में एकल एवं समूह दोनों श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर (कक्षा 9 से 12) के विद्यार्थियों के लिए “ज्ञान शिखर कौन बनेगा विजेता” प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम 2 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। तीनों विकासखंडों से चयनित कुल 24 प्रतिभागी जिला स्तरीय आयोजन में भाग लेंगे, जो 06 मई 2026 को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होगा। प्रतियोगिता के अंतर्गत विकासखंड एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के अनुसार प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सहायक परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा)  सूर्याेदय सिंह, जिला नोडल अधिकारी सुश्री खुशबू पी. दास एवं जिला सांख्यिकी अन्वेषक  पारमणी को अधिकृत किया गया है। यह ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिता विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज