
अवैध संबंध के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, 35 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार हुआ खुलासा
अंबिकापुर, 11 अप्रैल SNT NEWS
शहर के सदभावना चौक क्षेत्र में मिली महिला की लहूलुहान लाश के मामले में सरगुजा पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की इस वारदात के पीछे अवैध संबंध का शक मुख्य वजह बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को सदभावना चौक स्थित एक झाला में अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें महिला एक युवक के साथ जाते हुए दिखाई दी। पहचान होने पर आरोपी की तलाश तेज की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 30 हजार और एसएसपी द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पहले महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया और फिर मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी अंबिकापुर से फरार होकर बिश्रामपुर, नागपुर होते हुए चिरमिरी पहुंच गया, जहां वह छिपकर रह रहा था। सूचना मिलने पर चिरमिरी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सरगुजा पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी की पहचान छोटू उर्फ मिथुन उर्फ राम सिंह (30 वर्ष) निवासी मकनपुर, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













