Surguja News Today

पहाड़ी कोरवा आश्रम बैजनाथपुर की व्यवस्थाओं को लेकर समाचार का खंडन


पहाड़ी कोरवा आश्रम बैजनाथपुर की व्यवस्थाओं को लेकर भ्रामक समाचार का खंडन
आशीष गुप्ता बतौली (सरगुजा)
हाल ही में कुछ समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया पर “पहाड़ी कोरवा आश्रम बैजनाथपुर” की व्यवस्थाओं को लेकर जो समाचार प्रकाशित/प्रसारित किया गया है, वह तथ्यहीन, भ्रामक एवं एकतरफा जानकारी पर आधारित है। उक्त समाचार में आश्रम की व्यवस्थाओं, अधीक्षक की उपस्थिति तथा बच्चों के भोजन एवं सुविधाओं को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार  हैं।
आश्रम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पहाड़ी कोरवा आश्रम बैजनाथपुर में बच्चों के लिए शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार नियमित रूप से भोजन, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खाद्य सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था है तथा मेन्यू के अनुसार ही बच्चों को भोजन दिया जाता है। किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही का मामला नहीं है।
अधीक्षक द्वारा भी यह स्पष्ट किया गया है कि वे नियमित रूप से आश्रम की निगरानी करते हैं एवं समय-समय पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का संचालन सुनिश्चित करते हैं। आश्रम संचालन में चपरासियों की भूमिका केवल सहयोगात्मक है, न कि पूर्ण संचालन उनके भरोसे है, जैसा कि समाचार में दर्शाया गया है।
इसके अतिरिक्त बच्चों को आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे साबुन, ब्रश, वस्त्र आदि शासन के प्रावधानों के अनुसार उपलब्ध कराए जाते हैं। बच्चों की देखभाल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समाचार में वर्णित आंकड़े एवं तथ्य वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते हैं तथा बिना सत्यापन के प्रकाशित किए गए हैं, जिससे जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। संबंधित पत्रकार/माध्यम से अपेक्षा की जाती है कि भविष्य में तथ्यों का सत्यापन कर ही समाचार प्रकाशित करें।
आश्रम प्रशासन एवं संबंधित विभाग यह भी स्पष्ट करता है कि यदि कहीं कोई छोटी-मोटी समस्या होती है, तो उसका त्वरित निराकरण किया जाता है। शासन की योजनाओं का लाभ बच्चों तक सही तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज