
करंट के जाल में मौत: जंगली सुअर के लिए बिछाया तार बना इंसानी जान का दुश्मन, 6 आरोपी गिरफ्तार
कमलेश्वरपुर/सरगुजा |26 मार्च 2026
सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाया गया अवैध करंट जाल एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक मिश्रालाल यादव जंगल में रवई दिखाने गया था, तभी अचानक वह बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गया। तार में करंट दौड़ रहा था, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर पूरे जंगल में तार बिछाया था, ताकि जंगली सुअर फंस सके। लेकिन यह घातक जाल इंसान की जान ले बैठा।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर लकड़ी की खूंटियां गाड़कर तार फैलाया और बांस के डंडे से बिजली जोड़कर करंट प्रवाहित किया था। घटना के बाद गांव में हड़कंप मचने पर सभी आरोपी फरार हो गए थे।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लाल बिजली तार भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
👉 सवाल बड़ा है:
जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए जा रहे ऐसे मौत के जाल कब तक निर्दोष लोगों की जान लेते रहेंगे?

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












