
गन्ना अनुसंधान केंद्र में आधुनिक कृषि तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण किसानों का दल रवाना
रुपेश गुप्ता– जिले के कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (आत्मा) योजना के तहत 14 प्रगतिशील कृषकों को भारतीय गन्ना अनुसंधान केंद्र, लखनऊ में शैक्षणिक प्रशिक्षण के लिए रवाना किया गया।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष श्री अनिल निराला उरांव ने हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने कृषकों से अपील की कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और तकनीकों को अपने गांव में भी लागू करें, जिससे अन्य किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान एसडीओ कृषि अनिता एक्का, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लिली मॉरिस बखला, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण दल के साथ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शैलेन्द्र कुमार विश्वी भी लखनऊ के लिए रवाना हुए, जो प्रशिक्षण के दौरान किसानों का मार्गदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कृषकों को गन्ना उत्पादन की उन्नत विधियों, नई तकनीकों, फसल प्रबंधन, उर्वरक उपयोग, सिंचाई प्रबंधन एवं कीट नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों को उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
इस पहल से जिले के किसानों में नई तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416












