
12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्र सड़क हादसे का शिकार, एक की मौत अनिकेश तिवारी पिता: कुलदीप तिवारी, निवासी: झेराडीह मिशाक एक्का पिता: चंदेश्वर एक्का, निवासी: वेलकोटा
बतौली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 12वीं बोर्ड की फिजिक्स परीक्षा देने जा रहे दो छात्र तेज रफ्तार बाइक से अनियंत्रित होकर गिर पड़े। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
📌 क्या है पूरा मामला ?
बताया जा रहा है कि बतौली बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में 12वीं फिजिक्स का पहला पेपर देने के लिए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के दो छात्र —
अनिकेश तिवारी (पिता: कुलदीप तिवारी, निवासी: झेराडीह)
मिशाक एक्का (पिता: चंदेश्वर एक्का, निवासी: वेलकोटा)
बिना नंबर की केटीएम बाइक से तेज रफ्तार में परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम कुनकुरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर पहुंचे, सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखी गिट्टी से बाइक उछल गई। बाइक करीब 20 मीटर दूर जाकर यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गई।
इस हादसे में वेलकोटा निवासी छात्र मिशाक एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी को डायल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
🕯️ स्कूल और गांव में शोक की लहर
आज सुबह 9 बजे से 12 बजे तक फिजिक्स का पहला पेपर निर्धारित था। परीक्षा केंद्र समय पर पहुंचने की जल्दबाजी और तेज रफ्तार के कारण यह दुखद हादसा हो गया।
छात्र की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्कूल परिसर में भी शोक का माहौल है।
⚠️ निर्माण सामग्री बनी दुर्घटना का कारण
ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 के किनारे निर्माण सामग्री रखे जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है।
📢 SNT NEWS अपील:
तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं। सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।










