Surguja News Today

करोड़ों की सड़क में भ्रष्टाचार का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल !

करोड़ों की सड़क में भ्रष्टाचार का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल
लुंड्रा सरगुजा – सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाई जा रही करोड़ों रुपये की सड़क पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) क्षेत्र में बनाई जा रही यह सड़क घटिया गुणवत्ता की है और निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है।
लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जराकेला और चेउरपानी में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 266.68 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय बाद शुरू हुए इस सड़क निर्माण कार्य में डामरीकरण बेहद कमजोर किया गया है। सड़क की मोटाई कम है और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिससे निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क उखड़ने लगी है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सड़क की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो पहली ही बारिश में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है। उनका आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से इस निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का कार्य मैसर्स सरगुजा ब्रिक्स एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है।

मामले में विधायक प्रबोध मिंज ने कहा
लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़कों के मानक पीडब्ल्यूडी सड़कों जैसे नहीं होते, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें उसी अनुरूप बनाई जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं से शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
हालांकि विधायक ने यह भी स्वीकार किया कि जब ठेकेदार 30 प्रतिशत कमीशन पर काम लेते हैं, तो गड़बड़ी होना स्वाभाविक है।

अब सवाल यह है कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदाय के लिए बनाई जा रही इस सड़क की निष्पक्ष जांच होगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज