Surguja News Today

यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षा की कुंजी – डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर 200 चालकों की स्वास्थ्य व नेत्र जांच

यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षा की कुंजी – डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर

जरही में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 200 चालकों की स्वास्थ्य व नेत्र जांच

कमजोर दृष्टि पाए जाने पर 20 को चश्मे, 25 जरूरतमंदों को हेलमेट वितरण

सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सूरजपुर/भटगांव:–जरही में शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को थाना भटगांव पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत 200 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कर आवश्यक दवाएं दी गईं। साथ ही 10 गुड सेमेरिटन को उत्कृष्ट सेवा के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया तथा 25 जरूरतमंद लोगों को हेलमेट वितरित किए गए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही जीवन सुरक्षा की सबसे मजबूत कड़ी है। छोटी-सी लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। उन्होंने बाइक चालकों से हेलमेट और कार चालकों से सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की, ताकि आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नागरिकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।



सुरक्षा के लिए प्रमुख संदेश

डीआईजी/एसएसपी ने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, गति सीमा का पालन तथा शराब पीकर वाहन न चलाना—ये उपाय दुर्घटनाओं को कम करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

नेत्र व स्वास्थ्य जांच से दुर्घटनाओं पर अंकुश

कार्यक्रम के अंतर्गत सीएचसी भटगांव के चिकित्सकीय दल के सहयोग से स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया। रोडवेज, ऑटो, ट्रक और भारी वाहन चालकों की जांच की गई। दृष्टिदोष पाए जाने पर 20 चालकों को चश्मे और आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं। शिविर का उद्देश्य कमजोर दृष्टि के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करना रहा।

कमजोर दृष्टि बनती है हादसों की वजह

डीआईजी/एसएसपी ने कहा कि कमजोर नजर के कारण सड़क पर स्पष्ट दिखाई न देना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनता है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, नगर पंचायत अध्यक्ष जरही पूरन राजवाड़े, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक गुप्ता, सरपंच बंशीपुर गुलाब सिंह, सीएमओ जरही मोहर लाल, एपीएम भटगांव राजकुमार शर्मा, पार्षदगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज