Surguja News Today

कांग्रेस के कद्दावर नेता विधायक कवासी लखमा को ED ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार में आबकारी मंत्री और मौजूदा कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को ईडी ने गिरफ्तार किया है।

MLA Kawasi Lakhma arrested by ED: छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार में आबकारी मंत्री और मौजूदा कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को ईडी ने गिरफ्तार किया है। कांग्रेस नेता की ये गिरफ्तारी शराब घोटाले के मामले में हुई है। लखमा पर एक्शन से पहले ईडी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा था कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता को कथित शराब घोटाले से हर महीने बड़ी रकम हासिल होती थी। ये घोटाला करीब 2,161 करोड़ रूपए का है।

प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने राज्य में पिछली सरकार के दौरान बतौर आबकारी मंत्री अपने शासनकाल के दौरान अपराध की आय का बड़ा हिस्सा हासिल किया था।

शराब घोटाले को लेकर कवासी लखमा के खिलाफ सबूत- ईडी

ईडी ने अपने आधिकारिक बयान में दावा किया था कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर कवासी लखमा के खिलाफ सबूत मिले हैं। ईडी ने लखमा को 3 जनवरी को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था। जिसके बाद शराब घोटाले से जुड़े सबूतों के आधार पर कांग्रेस नेता कवासी लखमा पर ईडी ने एक्शन लिया है।

आपको बता दें कि इससे पहले ईडी की टीम छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर कवासी लखमा के आवासों पर छापेमारी भी कर चुकी है। ईडी ने पीएमएलए के तहत कुल 7 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें रायपुर में लखमा का आवास और सुकमा में उनके बेटे का आवास भी शामिल था।

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि साल 2019 से 2022 के बीच हुए कथित तौर पर शराब घोटाले में ईडी की जांच में जानकारी मिली है कि अवैध तरीकों से कमीशन लिया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक, शराब की खरीद और बिक्री के लिए जिम्मेदार राज्य निकाय, छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड की ओर से खरीदी गई शराब के गर मामले में रिश्वत ली गई थी।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

कांग्रेस विधायक कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि ईडी में दर्ज प्रकरण है, उसी प्रकरण में ईडी ने गिरफ्तार किया है। बीजेपी पर गिरफ्तार कराने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, प्रकरण स्पष्ट है। रेड में प्रमाण मिले हैं, जिसके आधार पर ईडी ने गिरफ्तार किया है।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज