
सीतापुर में सड़क हादसे में व्यापारी की मौत
ट्राले ने स्कूटी सवार बुजुर्ग व्यापारी तिरलोकचंद गोयल को कुचला, मौके पर मौत
सेंट्रल बैंक चौक के पास सरगुजा साड़ी हाउस के सामने हुआ हादसा, पुलिस ने ट्राला जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार
रुपेश गुप्ता, सीतापुर। नगर के सेंट्रल बैंक चौक के पास शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 74 वर्षीय व्यापारी तिरलोकचंद गोयल की मौत हो गई। वे नगर में निहारिका स्टोर्स का संचालन करते थे। हादसा सरगुजा साड़ी हाउस के सामने हुआ, जहां ट्राले की टक्कर से स्कूटी सवार व्यापारी सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्राले का पहिया उनके सिर के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्कूटी से घर लौट रहे थे व्यापारी
जानकारी के अनुसार, तिरलोकचंद गोयल शुक्रवार शाम अपनी स्कूटी से बस स्टैंड से अपने घर सोनतराई जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक चौक के पास सरगुजा साड़ी हाउस के सामने ट्राला क्रमांक UP 78 JN 2987 से उनकी टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि ट्राले की चपेट में आने से उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने ट्राला जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्राला वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी तिरलोकचंद गोयल की सड़क हादसे में मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।












